संयुक्त साहस खाते और इसकी विशेषताओं और उद्देश्यों के बारे में जानकारी और संयुक्त साहस और साझेदारी में अंतर


हेलो दोस्तों।
आज हम संयुक्त साहस खाते के बारे में जानेंगे और इनकी विशेषताओं और उद्देश्यों को भी समझेंगे।


संयुक्त साहस खाते (Joint Venture Account)

संयुक्त साहस एक ऐसा व्यावसायिक संयोग है जिसमे एक विशिष्ट व्यावसायिक व्यवहार को सम्पादित करने और इसके लाभों को आपस मे एक निश्चित अनुपात में बांटने के लिए दो या दो से अधिक पक्षकार सहमत हो जाते है।




Joint Venture Account and Characteristics Objectives and Necessity of a Joint Venture and Difference between Joint Venture and Partnership
Joint Venture Account and Characteristics Objectives and Necessity of a Joint Venture  




संयुक्त साहस खाता विशिष्ट व्यावसायिक व्यवहार तक ही सीमित होता है जैसे कि किसी भवन का निर्माण या किसी माल की एक निश्चित मात्रा या हिस्से को बेचना। अत इसे एक अस्थायी साझेदारी माना जाता है जिसमे फर्म के नाम का प्रयोग नही किया जाता और जिसे एक विशेष व्यावसायिक व्हवहार को क्रियान्वित करने के लिए ही स्थापित किया जाता है। जैसे ही वह व्यावसायिक व्यवहार क्रियान्वित हो जाता है ऐसी अस्थायी साझेदारी भी समाप्त हो जाती है। संयुक्त साहस के पक्षकारों को सह साहसी कहा जाता है और उनके द्वारा लाभों के विभाजन एक पूर्व निश्चित अनुपात में या ठहराव की अनुपस्थिति में बराबर मात्रा में किया जाता है।




संयुक्त साहस की विशेषताएं 
(Characteristics of a Joint Venture)


1. यह एक अस्थायी साझेदारी है जो एक विशिष्ट व्यावसायिक व्यवहार को सम्पादित करने के लिए स्थापित की जाती है।


2. जैसे ही वह विशिष्ट कार्य पूरा हो जाता है वैसे ही यह भी समाप्त हो जाती है।


3. क्योकि यह मान्यता है कि संयुक्त साहस एक असीमित अवधि तक चालू नही रहेगा अतः प्रायः फर्म का कोई नाम नही रखा जाता।


4. संयुक्त साहस का मुख्य उद्देश्य लाभोपार्जन करना और इसे निश्चित अनुपात में सह साहसियों में बांटना है।


5. संयुक्त साहस का संचालन सभी सह साहसियों द्वारा या सब की सहमति से सब की तरफ से एक या अधिक सह साहसियों द्वारा भी किया जा सकता है।




संयुक्त साहस के उद्देश्य एवं आवश्यकता 
(Objectives and Necessity of a Joint Venture)


संयुक्त साहस का प्रमुख उद्देश्य लाभोपार्जन के उद्देश्य से विभिन्न व्यक्तियों की पूंजी और दक्षता को इकट्ठा करना है। किसी व्यक्ति को कोई विशेष व्यावसायिक सौदा बहुत ही लाभदायक प्रतीत होता है परन्तु हो सकता है कि धन या दक्षता की कमी के कारण या जोखिम उठाने की क्षमता न होने के कारण वह अकेला उसे करने में समर्थ न हो। वह उस विशेष व्यावसायिक सौदे को करने के लिए अन्य व्यक्तियों से सहयोग कर सकता है।


एक सह साहसी धन प्रदान कर सकता है, दूसरा तकनीकी ज्ञान प्रदान कर सकता है और कोई तीसरा क्रय विक्रय करने की कला में कुशल हो सकता है। जब सभी सह साहसियों की सिवाएँ एक साथ एकत्रित हो जाएंगी तो इससे संयुक्त साहस का कार्य अत लाभप्रद हो सकता है।




संयुक्त साहस और साझेदारी में अंतर 
(Difference between Joint Venture and Partnership)


1. अंतर का आधार - संयुक्त साहस का कोई विशेष नाम नही होता और साझेदारी फर्म का अपना एक नाम होता है।


2. सदस्यों का नाम - संयुक्त साहस में प्रत्येक सदस्य को सह साहसी कहा जाता है और साझेदारी में प्रत्येक सदस्य को साझेदार कहा जाता है।


3. सदस्यों की संख्या - संयुक्त साहस में कम से कम दो सह सहसियो का होना जरूरी है परन्तु अधिकतम संख्या पर कोई प्रतिबंध नही है। और साझेदारी में साझेदारों की न्यूनतम संख्या दो और अधिकतम संख्या बैंकिंग कम्पनियों में 10 और अन्य व्यवसायों में 20 हो सकती है।


4. रजिस्ट्रेशन - संयुक्त साहस के रजिस्ट्रेशन की कोई जरूरत नही होती। और साझेदारी में तीसरे पक्षकारों के विरुद्ध साझेदारी के दावों को लागू कराने के लिए साझेदारी का रजिस्टर्ड होना अनिवार्य है।


5. खाते रखना - संयुक्त साहस के खाते रखने के लिए पृथक पुस्तके रखी भी जा सकती है और नही भी परन्तु साझेदारी के खाते पृथक पुस्तको में ही रखे जाते है।


6. अवधि - संयुक्त साहस अस्थायी है और इसे किसी विशिष्ट कार्य को करने के लिए ही स्थापित किया जाता है अतः वह कार्य पूरा होते ही यह समाप्त हो जाता है परन्तु साझेदारी निरन्तर चालू रहती है।


7. अवयस्क की स्थिति - संयुक्त साहस में एक अवयस्क सह साहसी नही बन सकता और साझेदारी में यद्यपि एक अवयस्क साझेदार नही बन सकता परन्तु सभी साझेदारों की सहमति से उसे साझेदारी के लाभों में सम्मिलित किया जा सकता है।


8. प्रतियोगी व्यवसाय - सह साहसी प्रायः संयुक्त साहस के व्यवसाय से मिलता जुलता अपना निजी व्यवसाय भी स्वतंत्र रूप से चालू रखते है। और साझेदारी में कोई भी साझेदार फर्म के व्यवसाय से मिलता जुलता व्यवसाय नही कर सकता। 

Post a Comment